• July 11, 2016

    सलमान खान का जादू सर चढ़ा : फ़िल्म 'सुल्तान' का पहले 5 दिनों का कलेक्शन 180 करोड़ रु पार

    सलमान ख़ान की ईद पर रिलीज़ हुई फ़िल्म सुल्तान नए नए रिकॉर्ड्स बना रही है। सलमान खान खुद अपना ही रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। फ़िल्म सुल्तान पहले 5 दिनों में 180 करोड़ कलेक्शन का आंकड़ा पार कर चुकी है।

    इस ईद के मौके पर रिलीज़ होने के बाद फ़िल्म सुल्तान बॉक्स ऑफिस के अखाड़े में लगातार नया रिकॉर्ड बना रही है। सबसे पहले तो सुल्तान ने पहले 3 दिनों की कमाई का सलमान की ही फ़िल्म बजरंगी भाईजान का रिकॉर्ड तोड़ा। पिछले साल ईद के मौक़े पर रिलीज़ हुई सलमान ख़ान की फ़िल्म बजरंगी भाईजान ने पहले 102.6 करोड़ का कलेक्शन किया था। वहीं सुल्तान ने पहले 3 दिनों में 105.34 करोड़ का भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन किया जोकि बजरंगी भाईजान से ज़्यादा है।

    उसके बाद पहले 4 दिनों की कमाई का नया रिकॉर्ड भी सुल्तान ने ही बनाया। इसमें भी बजरंगी भाईजान को काफ़ी पीछे छोड़ दिया गया। बजरंगी भाईजान ने जहां पहले 4 दिनों में 129.65 करोड़ कमाए थे वहीं सुल्तान ने नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए पहले 4 दिनों में 142.62 करोड़ रुपए कमाए। अब पहले 5 दिनों का भी नया रिकॉर्ड सलमान के नाम है। जब रविवार को करीब 40 करोड़ का कलेक्शन करके फ़िल्म का कुल कलेक्शन 182 करोड़ रुपए पार हो गया है।

    फ़िल्म सुल्तान ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुवे पहले दिन बुधवार को 36.54 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे दिन गुरुवार को 37.32 करोड़, तीसरे दिन शुक्रवार को 31.66 करोड़, चौथे दिन शनिवार को 37.32 करोड़ और पांचवें दिन रविवार को करीब 40 करोड़ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इकठ्ठा किए। इस तरह पहले 5 दिनों में सुल्तान ने करीब 182 करोड़ कमा लिए और अपने नाम नया कीर्तिमान बना लिया। यानी, इस ईद पर भी सलमान ख़ान को दर्शकों की तरफ़ से बड़ी ईदी मिल रही है।

    पहले 5 दिनों में जिस तरह सुल्तान का कलेक्शन 180 करोड़ पार हुआ है, उसे देखते हुए कहना गलत नहीं होगा कि यह फ़िल्म और भी कई नए रिकॉर्ड बनाएगी जिसमें सबसे नज़दीक है पहले हफ़्ते की कमाई का नया रिकॉर्ड। पहले हफ्ते की कमाई के पिछले रिकॉर्ड में आमिर ख़ान की फिल्म सबसे आगे हैं। आमिर की फ़िल्म धूम 3 ने पहले हफ्ते में 188.9 करोड़ कमाए थे।

    सलमान ख़ान की फ़िल्म बजरंगी भाईजान 184.62 करोड़ का कलेक्शन करके दूसरे स्थान पर है और तीसरे नंबर पर आमिर ख़ान की फ़िल्म पीके है जिसने पहले हफ़्ते में 183.09 करोड़ रुपये कमाए थे।

    No comments:

    Post a Comment