भारतीय स्टार क्रिकेटर विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिये सेंट कीट्स पहुंच गयी है। आपको बता दें कि सीरीज का पहला मैच 21 जुलाई से एंटीगा में खेला जाएगा।
टीम के नये मुख्य कोच अनिल कुंबले ने अपने ट्विटर हैंडल पर टीम का फोटोग्राफ पोस्ट करके लिखा है, ‘‘सेंट कीट्स पहुंच गये हैं. लंबी उड़ान, दौरा शुरू. ’’ वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) ने भी भारतीय टीम के सेंट कीट्स पहुंचने के फोटो साझा करे हैं।
डब्ल्यूआईसीबी ने ट्वीट किया है, ‘‘विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम एंटीगा, जमैका, सेंट लूसिया और त्रिनिदाद में होने वाले चार टेस्ट मैचों की तैयारियों के लिये सेंट कीट्स पहुंची। ’’
बता दें कि यह मैच कोहली का टेस्ट कप्तान के रूप में पहला कैरेबियाई दौरा है। टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ नौ और दस जुलाई तथा 14 से 16 जुलाई के बीच दो अभ्यास मैच भी खेलेगी।
टेस्ट सीरीज का पहला मैच सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम एंटीगा में 21 से 25 जुलाई के बीच खेला जाएगा जिसके बाद दूसरा टेस्ट 30 जुलाई से तीन अगस्त के बीच किंगस्टन, तीसरा टेस्ट नौ से 13 अगस्त के बीच ग्रास आइलेट और चौथा टेस्ट 18 से 22 अगस्त के बीच त्रिनिदाद में होगा।

No comments:
Post a Comment